" कलियर में पुलिस का 'एक्शन अवतार' गांव में गुटबाजी करने वालों पर चला 'ऑपरेशन प्रहार', 11 उपद्रवियों को पुलिस ने दिखाया जेल का रास्ता

रुड़की,पिरान कलियर, जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के कड़े निर्देशों के बीच पिरान कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ग्राम महमूदपुर में शांति भंग करने की कोशिश कर रहे दो गुटों के 11 अराजक तत्वों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

डीजे के विवाद ने पकड़ा तूल, पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी घटना :- मामला 22 अप्रैल की रात का है, जहाँ एक शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते इस विवाद ने पुरानी चुनावी रंजिश का रूप ले लिया और गाँव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मामला बढ़ता देख कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने बिना समय गँवाए त्वरित हस्तक्षेप किया। पुलिस की मुस्तैदी का ही परिणाम रहा कि विवाद किसी बड़े हिंसक टकराव में तब्दील होने से पहले ही काबू कर लिया गया।

7 महिलाओं और 4 पुरुषों पर गिरी गाज :- शांति एवं कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार किए गए लोगों में 7 महिलाएँ और 4 पुरुष शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन दोनों पक्षों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और ये पहले भी गाँव की फिजा खराब करने के मामले में नामजद रहे हैं।

गाँव में भारी पुलिस बल तैनात :- ​वर्तमान में महमूदपुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा है, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपितों का विवरण:- पुलिस ने महमूदपुर निवासी चाँद खाँ (52 वर्ष), शिफत (33 वर्ष), तनवीर (34 वर्ष), दानिश (35 वर्ष) सहित सात महिलाओं को हिरासत में लिया है।

सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम:- ​इस सफल कार्रवाई में उप-निरीक्षक देवेन्द्र सिंह तोमर, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, सोनू कुमार, कांस्टेबल प्रकाश मनराल, जितेन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल सरिता राणा और महिला होमगार्ड सर्विष्ठा व गीता गिरी की मुख्य भूमिका रही।


Post a Comment

0 Comments