हरिद्वार : प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू होने पर मंगलोर में ऐतिहासिक धन्यवाद रैली, CM धामी ने की बड़ी घोषणाएं

मंगलौर : 08 जून 2025: उत्तराखंड में समान नागरिकता संहिता (UCC) कानून लागू होने के उपलक्ष्य में मंगलौर विधानसभा में रविवार को एक भव्य धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और जनता के अपार उत्साह को देखकर सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों का आभार व्यक्त किया। चौधरी ओमपाल ढाबा लिब्बरहेडी से स्वीटी फार्म लिब्बरहेडी तक आयोजित इस रैली में हजारों लोग शामिल हुए, जिसने क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया।

ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे CM, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा :- मुख्यमंत्री धामी ने अपने अनोखे अंदाज में ट्रैक्टर चलाकर रैली स्थल पर प्रवेश किया, जिसे देखकर जनता में जोश की लहर दौड़ गई। नारसन के महाराजा महेंद्र प्रताप स्नातक महाविद्यालय खेल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिसने रैली की भव्यता को चार चांद लगा दिए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुष्प गुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

बाबा साहब का सपना साकार हुआ :- धामी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “समान नागरिकता संहिता लागू कर उत्तराखंड ने देश में पहला राज्य बनकर इतिहास रचा है। यह कानून संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार करता है, जिसमें सभी वर्गों और धर्मों के लिए एक समान नियम लागू होंगे।” उन्होंने इस रैली को अपने सम्मान से नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के सम्मान से जोड़ा। धामी ने भीषण गर्मी में शामिल हुए महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद व्यक्त किया।

किसानों के लिए बड़े कदम :- मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और किसानों के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि, फसलों का बीमा, और किसान क्रेडिट कार्ड की राशि को 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख करने जैसे फैसले लिए गए हैं। साथ ही, 14 हजार करोड़ की 7 नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। बागवानी में 80% सब्सिडी, गेहूं खरीद पर 20 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस, गन्ने के रेट में 20 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि, और 1200 करोड़ की लागत से सेब, कीवी, और ड्रैगन फ्रूट नीतियों को लागू करने की जानकारी दी।

भ्रष्टाचार पर सख्ती:- धामी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर देते हुए कहा, “भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने हरिद्वार के जमीन घोटाले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का उदाहरण दिया।

मंगलौर के लिए दो बड़ी घोषणाएं :-  मुख्यमंत्री ने मंगलौर विधानसभा के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। पहली, ग्राम सभा लिब्बरहेडी में महाराजा सूरजमल के नाम से खेल स्टेडियम का निर्माण। दूसरी, मंगलौर से गुरुकुल, लंढौरा बाईपास (हरचंदपुर) तक सर्की रजवाहे की पटरी को पक्की सड़क में बदलने का कार्य। इन घोषणाओं को जनता ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

भव्य स्वागत और नेताओं की मौजूदगी :- कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का पगड़ी पहनाकर और गद्दा भेंटकर भव्य अभिनंदन किया गया। रैली में विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, जिला अध्यक्ष भाजपा डॉ. मधु सिंह, और पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना ने भी अपने विचार रखे। उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन विनय रोहिला, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल, और भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

रैली का संदेश :- यह धन्यवाद रैली समान नागरिकता संहिता के प्रति जनता के समर्थन और उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रतीक बनी। मंगलौर की जनता ने इस आयोजन के माध्यम से सरकार के प्रति अपना विश्वास और उत्साह व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments