देहरादून, छावनी परिषद देहरादून के स्कूलों में संविदा पर रखे गए 45 शिक्षकों की सेवाएं फिलहाल समाप्त की जा रही हैं। अब नई कंपनी का टेंडर फाइनल होने के बाद ही इन शिक्षकों की बहाली हो पाएगी। हालांकि, शिक्षकों को बीती मार्च तक का वेतन कैंट बोर्ड देगा।
शुक्रवार को बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर एसएन सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस बाबत प्रस्ताव पारित किया गया है। दरअसल, कैंट बोर्ड चार स्कूल ब्लूमिंग बर्डस स्कूल, कैंट जूनियर हाईस्कूल गढ़ी, कैंट जूनियर हाईस्कूल प्रेमनगर और कैंट इंटर कॉलेज गढ़ी संचालित करता है। इन स्कूलों में ज्यादातर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चे पढ़ते हैं। स्कूलों में तैनात कुछ स्टाफ स्थायी है तो कुछ की तैनाती संविदा पर है। संविदा शिक्षकों की संख्या 45 है। जिस कंपनी के माध्यम से इन शिक्षकों को तैनात किया गया था, उसका टेंडर निरस्त कर बीती फरवरी में ब्लैक लिस्ट कर दिया गया।
हालांकि, कंपनी प्रबंधन कोर्ट चला गया, इसलिए यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। मामला कोर्ट में होने के बाद संविदा कर्मचारियों को वेतन आदि का भुगतान भी नहीं हो पा रहा है। बोर्ड बैठक में इन शिक्षकों की सेवाएं समाप्त किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। जिसको लंबी चर्चा के बाद पारित किया गया। छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी तनु जैन का कहना है कि इसके अलावा बोर्ड के पास कोई विकल्प नहीं है। जब तक मामला कोर्ट में चल रहा है तब तक इन कार्मिकों को सेवा पर नहीं रखा जा सकता है। शिक्षकों को सेवा समाप्त करने का नोटिस जल्द भेज दिया जाएगा।

0 Comments